श्री शिव महापुराण कथा में उमड़ा जनसैलाब, पंडाल छोटा पड़ा—भक्ति के आगे व्यवस्थाएं फेल

भीलवाड़ा समाचार 
भीलवाड़ा( महेन्द्र नागौरी)
शहर के आजादनगर स्थित मेडिसिटी ग्राउंड में आयोजित श्री शिव महापुराण कथा के छठे दिन आस्था का ऐसा जनसैलाब उमड़ा कि पंडाल छोटा पड़ गया और व्यवस्थाएं भीड़ के आगे कमजोर नजर आई। प्रचंड गर्मी के बावजूद हजारों श्रद्धालु घंटों तक डटे रहे और जहां जगह मिली वहीं बैठकर या खड़े-खड़े ही कथा श्रवण करते रहे।
कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा ने अपने प्रवचनों में अविवाहित बेटियों को संकल्प दिलाया कि वे किसी भी प्रलोभन में नहीं पड़ेंगी और माता-पिता की सहमति से विवाह कर उन्हें कन्यादान का अवसर देंगी। उनके इस संदेश का पांडाल में मौजूद हजारों श्रद्धालुओं ने समर्थन किया।
कथा स्थल पर भक्ति का ऐसा माहौल बना कि ‘धीमा बजा डमरू भोलेनाथ’ जैसे भजनों पर श्रद्धालु झूम उठे। शाम ढलते ही भजन-कीर्तन का दौर शुरू हुआ जो देर रात तक चलता रहा, मानो महाशिवरात्रि का उत्सव सजीव हो उठा हो।
इस दौरान सांसद दामोदर अग्रवाल, विधायक अशोक कोठारी सहित कई जनप्रतिनिधि भी कथा में शामिल होकर आशीर्वाद लेते नजर आए। आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि अंतिम दिन कथा सुबह 8 से 11 बजे तक होगी, जिसके लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं।
कुल मिलाकर, भीलवाड़ा में यह आयोजन आस्था का बड़ा केंद्र बन गया है, जहां एक ओर भक्ति का सैलाब उमड़ रहा है, वहीं भीड़ के कारण व्यवस्थाओं पर सवाल भी खड़े हो रहे हैं।